CG : केमिकल से पकाए जा रहे फलों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 60 कैरेट केले जब्त
खैरागढ़ : जिले में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विभागीय टीम ने गंडई क्षेत्र में छापेमारी कर केमिकल से फल पकाने के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 50 से 60 हजार रुपए मूल्य के 60 कैरेट केले जब्त किए गए हैं।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने किया। टीम ने जिले के विभिन्न फल दुकानों, मंडियों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खराब और कृत्रिम रूप से पकाए जा रहे फलों पर कार्रवाई की।
अभियान के पहले दिन छुईखदान क्षेत्र में 20 किलो सड़े आम, 5 दर्जन केले, पपीता और अंगूर नष्ट कराए गए। साथ ही गंदगी पाए जाने पर एक गन्ना जूस सेंटर को बंद कराया गया। दूसरे दिन इतवारी बाजार और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में जांच के दौरान 15 किलो सड़े आम, 20 दर्जन केले और 3 तरबूज नष्ट किए गए।
वहीं तीसरे दिन गंडई स्थित खंडेलवाल फल भंडार में छापा मारकर केमिकल से फल पकाने का मामला पकड़ा गया। टीम ने मौके से एथिलीन रिपनर सहित कई रसायन जब्त किए। विभाग ने संदिग्ध तरीके से चमकदार और कृत्रिम रूप से पकाए गए फलों से सावधान रहने की अपील की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।