छत्तीसगढ़ में नवतपा का कहर, राजनांदगांव रेड जोन घोषित
नवतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी ने राजनांदगांव जिले के लोगों को बेहाल कर दिया है। जिले का तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लू की स्थिति लगातार बनी हुई है। जिले में हीट स्ट्रोक के अब तक 225 मामले सामने आ चुके हैं, जो प्रदेश में सबसे अधिक बताए जा रहे हैं। इसी के चलते राजनांदगांव को रेड जोन घोषित किया गया है। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित जिले के अन्य शासकीय अस्पतालों में अलग से “लू वार्ड” स्थापित किए गए हैं। इन वार्डों में 15 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। साथ ही बाथटब और आइस मशीन की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा डिलीवरी वार्ड सहित अन्य वार्डों में कूलर और पंखों की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को गर्मी से राहत मिल सके।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि गर्मी को देखते हुए जिले के सभी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पृथक लू वार्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में विशेष लू वार्ड शुरू किया गया है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, बाहर निकलते समय मुंह और सिर को ढंककर रखें तथा अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।
जिला अस्पताल डिलीवरी वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों ने प्रशासन द्वारा की गई कूलर और पंखों की व्यवस्था की सराहना की है। उनका कहना है कि वार्ड में ठंडक बनी हुई है, जिससे मरीजों को काफी राहत मिल रही है।
इधर जिला प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए शहर में जगह-जगह प्याऊ घर खोले गए हैं। यहां शीतल पेयजल, आम पना, मठा और शरबत का वितरण किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव भी शामिल हुए और राहगीरों को आम पना व शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया। चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा शहर में 11 प्याऊ घर खोले गए हैं, जिनमें तीन चलित प्याऊ घर भी शामिल हैं। फिलहाल प्रशासन लोगों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, ताकि लू के प्रकोप से बचा जा सके।