DAP के नाम पर किसानों से ठगी की कोशिश - CG Sandesh

DAP के नाम पर किसानों से ठगी की कोशिश

किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जशपुर जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कृषि विभाग पत्थलगांव एवं फरसाबहार की संयुक्त टीम ने विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पंचायत खारीबहार में बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध उर्वरक भंडारण का खुलासा किया है।

संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच के दौरान एक मकान में भारी मात्रा में उर्वरक का अवैध भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 342 बोरी, लगभग 17.1 टन “भूमि शक्ति” ऑर्गेनिक ग्रेन्युलर उर्वरक बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि उक्त उर्वरक को किसानों के बीच डीएपी खाद के नाम पर बेचा जा रहा था, जिससे किसानों को भ्रमित कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की आशंका थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव श्री राकेश पैंकरा मौके पर पहुंचे और संपूर्ण उर्वरक भंडारण को तत्काल सील कर दिया गया। साथ ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जब्ती प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई हेतु कार्यालय उप संचालक कृषि, जशपुर को भेजा जा रहा है।
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक एवं कृषि आदान खरीदें तथा खरीद के समय पक्की रसीद अवश्य लें। विभाग ने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें