मनेन्द्रगढ़ जिला अस्पताल में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ, 136 ... - CG Sandesh

मनेन्द्रगढ़ जिला अस्पताल में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ, 136 प्रकार की जांचें होंगी निःशुल्क

मनेन्द्रगढ़ : एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने लैब का विधिवत उद्घाटन किया।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस लैब में 136 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें ब्लड टेस्ट, सीबीसी, एमपी, एएनसी सहित कई महत्वपूर्ण पैथोलॉजिकल जांचें शामिल हैं। लैब शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए निजी लैबों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से भी सैंपल इस लैब में भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर मरीजों के मोबाइल फोन और संबंधित अस्पतालों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और सुलभ बन सकेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अटल आरोग्य लैब क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि जांच और उपचार के लिए उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह लैब मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी।



अन्य सम्बंधित खबरें