गुंजियाबोर में फ्लाई ऐश भराव पर उठे सवाल, तेज हवा ने खोली ला... - CG Sandesh

गुंजियाबोर में फ्लाई ऐश भराव पर उठे सवाल, तेज हवा ने खोली लापरवाही की पोल

सक्ती : जिले के ग्राम गुंजियाबोर में नदी किनारे किए गए फ्लाई ऐश भराव कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि लगभग 50 मीटर क्षेत्र में फ्लाई ऐश भराव के बाद उसके ऊपर नियमानुसार मिट्टी की परत नहीं डाली गई, जिसके चलते तेज हवा के साथ धूल उड़कर आसपास के क्षेत्र में फैल रही है।

30 मई को मौसम में आए बदलाव और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और स्पष्ट रूप से सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार फ्लाई ऐश की धूल मुख्य मार्ग तक पहुंच गई, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने धूल के कारण सांस लेने में दिक्कत होने और पूरे क्षेत्र में धुंध जैसी स्थिति बनने की बात कही।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि फ्लाई ऐश भराव के बाद आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उस पर मिट्टी की परत डाली जाती, तो इस प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने इसे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार पक्ष पर कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मौसम में आए बदलाव ने फ्लाई ऐश भराव कार्य की वास्तविक स्थिति को उजागर कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच और सुधारात्मक कदम उठाता है।



अन्य सम्बंधित खबरें