सामूहिक कन्या विवाह में भाजपा विधायक दीपेश साहू बने दूल्हा, बैलगाड़ी से पहुंचे बारात लेकर
बेमेतरा : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह इस बार खास आकर्षण का केंद्र बन गया। कार्यक्रम में 21 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा विधायक दीपेश साहू ने भी विवाह रचाया। विधायक का सादगीपूर्ण अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
शहर के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सभी जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंधे। इस दौरान विधायक दीपेश साहू बैलगाड़ी से बारात लेकर पहुंचे। खास बात यह रही कि बैलगाड़ी को उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं चलाते नजर आए, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह को लेकर नवदंपतियों के साथ-साथ उनके परिजनों में भी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, विधायक दीपेश साहू ने बीपीएल परिवार की तरुणा साहू के साथ विवाह किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सरकार की ओर से मिलने वाली राशि को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने की बात कही है।
विधायक का यह सादगीपूर्ण विवाह प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सामाजिक सरोकार और सादगी का संदेश देने वाले इस विवाह की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।