स्केटिंग से भारत भ्रमण पर निकला यूपी का युवा पहुंचा फरसगांव, मां दंतेश्वरी के किए दर्शन
कोंडागांव : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी मुन्नर निषाद स्केटिंग के माध्यम से पूरे भारत के 30 राज्यों की यात्रा पर निकले हैं। अपनी इस अनोखी और प्रेरणादायक यात्रा के दौरान वे इन दिनों छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। फरसगांव पहुंचने के बाद उन्होंने रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया और अगले दिन बड़ेडोंगर पहुंचकर मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। मुन्नर निषाद ने बताया कि अब तक वे गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित 9 राज्यों की यात्रा पूरी कर चुके हैं, जबकि छत्तीसगढ़ उनका 10वां राज्य है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक साहसिक अभियान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा भी है। वे भारत माता और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ देश के 12 ज्योतिर्लिंग, चारधाम और 20 शक्तिपीठों के दर्शन करने के संकल्प को लेकर निकले हैं। साथ ही विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, खानपान और जनजीवन को भी करीब से समझने का प्रयास कर रहे हैं।
अगस्त 2025 में शुरू हुई इस स्केटिंग यात्रा को लगभग 10 माह पूरे हो चुके हैं और उनका सफर लगातार जारी है।
मां दंतेश्वरी से देशवासियों की खुशहाली की कामना
बड़ेडोंगर पहुंचने पर मुन्नर निषाद सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य लोगों को एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच का संदेश देना है।
'छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया' के लगाए नारे
यात्रा के दौरान मिले स्नेह और सम्मान से अभिभूत मुन्नर निषाद ने छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर के लोगों की मेहमाननवाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक प्यार और सम्मान मिला है। रवाना होने से पहले उन्होंने "जय जोहार", "जय छत्तीसगढ़", "जय बस्तर" और "छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया" के नारे लगाकर स्थानीय संस्कृति और लोगों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
नगरवासियों ने भी उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद स्थानीय युवा मोटरसाइकिलों के साथ उन्हें गुरुद्वारा तक छोड़ने पहुंचे और भावभीनी विदाई दी। जानकारी के अनुसार, मुन्नर निषाद अपनी भारत भ्रमण यात्रा के अगले पड़ाव के रूप में केशकाल पहुंचेंगे और वहां रात्रि विश्राम के बाद आगे की यात्रा जारी रखेंगे।