स्वदेशी जागरण मंच की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, स्वदेशी अ... - CG Sandesh

स्वदेशी जागरण मंच की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, स्वदेशी अपनाने और नए कार्यकर्ता जोड़ने पर जोर

राजनांदगांव : स्वावलंबी भारत अभियान के तहत स्वदेशी जागरण मंच द्वारा राजनांदगांव में एक दिवसीय जिला स्तरीय विचार एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। शहर के कस्तूरबा महिला मंडल भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मंच से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यशाला में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने लोगों से विदेशी उत्पादों की बजाय स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

प्रांत संयोजक जगदीश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज तेजी से विकसित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और विश्व की निगाहें भारत पर टिकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन विदेशी सामानों की खरीदारी से बचने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम प्रभारी अनिमेष रॉय और मोना गोसाई ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य आगामी स्वदेशी मेलों के बेहतर आयोजन की तैयारी करना तथा अधिक से अधिक नए कार्यकर्ताओं को स्वदेशी जागरण मंच से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यशाला के दौरान उपस्थित लोगों ने भी स्वदेशी आंदोलन और आत्मनिर्भर भारत को लेकर अपने विचार साझा किए तथा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



अन्य सम्बंधित खबरें