पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने के आरोप में आजमगढ़ का युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संबंध रखने के आरोप में आजमगढ़ जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से शहजाद भट्टी के नेटवर्क के संपर्क में था और अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।
एटीएस की जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और कुछ आतंकी संगठन भारत में गतिविधियों को अंजाम देने के लिए शहजाद भट्टी के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे। जांच एजेंसी का दावा है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को पैसे का लालच देकर और धार्मिक भावनाएं भड़काकर अपने प्रभाव में लेने तथा कट्टरपंथी बनाने की कोशिश कर रहा था।
जांच के दौरान आजमगढ़ जिले के निजामाबाद क्षेत्र निवासी मोहम्मद शेख का नाम सामने आया। एटीएस के मुताबिक वह लंबे समय से इस नेटवर्क के संपर्क में था और ऑनलाइन माध्यमों से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था।
एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि आरोपी को दूसरे राज्य की एक महिला राजनीतिक नेता को धमकाने और उनकी हत्या की साजिश को अंजाम देने का काम सौंपा गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एटीएस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं और आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड व संपर्कों को खंगाला जा रहा है।