खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़, गार्ड को बुरी तरह से पीटा  - CG Sandesh

खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़, गार्ड को बुरी तरह से पीटा

गार्ड की बुरी तरह से की पिटाई

गोलीबारी का भी आरोप

बिहार की राजधानी पटना में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक कोचिंग संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और परिसर पर पथराव किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में हुई।

शहर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘मंगलवार रात लगभग 10 :10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।’’

बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में यह सामने आया है कि पटना स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोग कथित रूप से पथराव और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे। कोचिंग संस्थान के संस्थापक फैसल खान ने दावा किया कि घटना के दौरान गोलीबारी भी हुई। फैसल ‘खान सर’ के नाम से लोकप्रिय हैं ।

खान ने घटनास्थल पर पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, ‘‘पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया, हमारे गार्ड की बुरी तरह पिटाई की और गोलीबारी भी की। उनकी मुख्य नाराजगी इस बात को लेकर है कि कोई व्यक्ति इतनी कम फीस में छात्रों को शिक्षा कैसे दे सकता है, और हर वर्ष हजारों सफल परिणाम कैसे दे सकता है।’’


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें