विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया जिला अस्पताल उन्नयन का... - CG Sandesh

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया जिला अस्पताल उन्नयन कार्य का लोकार्पण, नए CMHO भवन का भूमिपूजन

राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की और चिकित्सकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल के उन्नयन से बारिश के दिनों में अस्पताल परिसर में पानी भरने की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से और अधिक सुसज्जित किया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने अस्पताल में छत की मरम्मत, लिफ्ट सुधार कार्य, जिला खनिज न्यास (DMF) मद से दो स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति, डेंटल एक्स-रे मशीन तथा सेपरेटर मशीन की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की। साथ ही राज्य बजट के माध्यम से अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं और समस्याओं को भी दूर करने का आश्वासन दिया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले में मातृ मृत्यु दर राज्य के औसत से कम है, जो स्वास्थ्य विभाग के लिए एक सकारात्मक और संतोषजनक संकेत है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों और चिकित्सकों को लगातार प्रयास करने की बात कही।

गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व भारी बारिश के दौरान जिला अस्पताल में पानी भर जाने से सीटी स्कैन मशीन सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें अब तक पूरी तरह से चालू नहीं किया जा सका है। ऐसे में अस्पताल के उन्नयन कार्य को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



अन्य सम्बंधित खबरें