विश्व साइकिल दिवस पर छुईखदान में निकली जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का दिया संदेश
छुईखदान : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 3 जून को छुईखदान योग समिति के तत्वावधान में साइकिल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने साइकिल चलाकर नगर भ्रमण किया। प्रतिभागियों ने "स्वस्थ जीवन अपनाएं", "प्रकृति को प्रदूषण मुक्त बनाएं", "दोपहिया वाहन के रूप में साइकिल अपनाएं" तथा "स्वस्थ भारत, स्वस्थ छुईखदान, स्वच्छ पर्यावरण" जैसे संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित रैली का शुभारंभ पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गिरिराज किशोर, शांति लाल जैन तथा योग समिति के संरक्षक राजकुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने वाले वरिष्ठ नागरिकों का श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। आयोजन के अंत में योग प्रशिक्षक मोहन जंघेल ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नागरिक शैलेंद्र तिवारी, योग समिति सदस्य अशोक चंद्राकर, बीईओ जे.के. सुधाकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया और साइकिल के नियमित उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।