डार्क पैटर्न अपनाने पर कोचिंग संस्थान और सॉफ्टवेयर कंपनी पर जुर्माना, CCPA की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने उपभोक्ताओं को गुमराह करने और उनकी पसंद को प्रभावित करने वाली डार्क पैटर्न प्रथाओं के उपयोग के मामले में एक प्रमुख कोचिंग संस्थान और एक सॉफ्टवेयर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने दोनों संस्थानों पर जुर्माना लगाते हुए ऐसी प्रथाओं को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, कोचिंग संस्थान पर 5 लाख रुपये और सॉफ्टवेयर कंपनी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में पाया गया कि दोनों संस्थान अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसे इंटरफेस और तरीकों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिनसे उपभोक्ताओं के निर्णयों को प्रभावित किया जा रहा था।
CCPA ने दोनों संस्थानों को अपने प्लेटफॉर्म से डार्क पैटर्न से जुड़ी सभी सुविधाओं और प्रक्रियाओं को हटाने का निर्देश दिया है, ताकि उपभोक्ता बिना किसी दबाव, भ्रम या हेरफेर के सही जानकारी के आधार पर निर्णय ले सकें।
प्राधिकरण ने इस कार्रवाई के साथ ई-कॉमर्स कंपनियों, ऑनलाइन सेवा प्रदाताओं और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी चेतावनी दी है। उन्हें अपने सिस्टम और यूजर इंटरफेस का ऑडिट कराने तथा उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले सभी प्रकार के डार्क पैटर्न हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
CCPA का कहना है कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसे भ्रामक और अनुचित डिजिटल तरीकों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।