खाद-बीज संकट से जूझ रहे किसानों ने सीएम के नाम सौंपा 10 सूत्... - CG Sandesh

खाद-बीज संकट से जूझ रहे किसानों ने सीएम के नाम सौंपा 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

राजनांदगांव : खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों को खाद, बीज और डीजल की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

किसान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है। डीएपी खाद की कमी के कारण किसानों को सोसायटियों और वितरण केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले डीजल की उपलब्धता को लेकर भी किसानों ने चिंता जताई है।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के तहत 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को खाद तीन किश्तों में देने का नियम बनाया गया है, जो किसानों के लिए व्यावहारिक नहीं है। उनका कहना है कि किसान बार-बार खेती का काम छोड़कर खाद लेने नहीं जा सकते।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने प्रति एकड़ खाद कटौती का आदेश वापस लेने, खाद का एकमुश्त वितरण करने, आवश्यकता के अनुसार बीज उपलब्ध कराने, जैरीकेन में डीजल-पेट्रोल देने पर लगी पाबंदी हटाने, कृषि बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और किसानों को मुफ्त बिजली देने की मांग की है।

इसके अलावा खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, पूरे प्रदेश में खाद की एक समान दर लागू करने तथा कृषि ऋण की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने सहित अन्य मांगें भी ज्ञापन में शामिल हैं। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



अन्य सम्बंधित खबरें