केरल पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश ... - CG Sandesh

केरल पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज केरल में दस्तक दे दी है, जिसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग ने केरल और कर्नाटक में अगले सात दिनों तक मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। वहीं तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार माहे, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी कल तेज बारिश हो सकती है। मानसून के सक्रिय होने से दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना होने के साथ ही जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की आशंका भी बनी हुई है।

विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड और पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज रात भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की प्रगति के साथ आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है, जिससे किसानों को राहत मिलने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।



अन्य सम्बंधित खबरें