महासमुंद सहित विभिन्न जिलों के टॉपर्स का सीएम साय ने किया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज श्रम विभाग द्वारा रायपुर में आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बाईस छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत दो-दो लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
इनमें कक्षा दसवीं के नौ और बारहवीं के तेरह विद्यार्थी शामिल हैं। ये विद्यार्थी रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, गरियाबंद, सक्ती, बलौदाबाजार, रायगढ़ और कांकेर सहित विभिन्न जिलों से है। मुख्यमंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों के संघर्ष, परिश्रम और संकल्प की प्रेरक कहानी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि श्रमिकों के बच्चे केवल श्रमिक बनकर न रह जाए, बल्कि डॉक्टर इंजीनियर, प्रशासक, वैज्ञानिक और अन्य उच्च पदों पर पहुंचकर प्रदेश और देश की सेवा करें। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने श्रम, समर्पण और परिश्रम से समाज तथा देश की विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं। वे स्वयं कठिन परिस्थितियों में रहकर दूसरों को सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, इसलिए श्रमिक वास्तव में देश के निर्माता है।