सुशासन तिहार: रीरी गांव में समस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों क... - CG Sandesh

सुशासन तिहार: रीरी गांव में समस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

सरगुजा : छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के तहत सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित रीरी गांव में समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे, जहां कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविर में सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं पर ग्रामीणों ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों की जांच कर कई मामलों का तत्काल समाधान किया। वहीं शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।

कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और आम जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।

ग्रामीणों ने भी शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से लोगों को अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और समस्याओं के समाधान में तेजी आती है।



अन्य सम्बंधित खबरें