विश्व साइकिल दिवस पर जगदलपुर में निकली साइकिल रैली, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया अधिक उपयोग का आह्वान
जगदलपुर :विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में "फिट इंडिया मूवमेंट" के तहत "संडे ऑन साइकिल" अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य लोगों में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली लालबाग मैदान से शुरू होकर कोतवाली चौक, चांदनी चौक, संजय मार्केट चौक, मां दंतेश्वरी मंदिर, दामोदर पेट्रोल पंप, दलपत सागर, समुंद चौक, पंच चौक और सर्किट हाउस रोड होते हुए पुनः लालबाग मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साइकिल का उपयोग स्वास्थ्य, पर्यावरण और आर्थिक दृष्टि से बेहद लाभकारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों से भी यथासंभव साइकिल का उपयोग करने की अपील की।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली के कारण हाईपरटेंशन और शुगर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित व्यायाम आवश्यक है और साइकिलिंग इसके लिए एक बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा लंबे समय से साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित "संडे ऑन साइकिल" कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। साथ ही युवाओं के लिए जुम्बा डांस का भी आयोजन किया गया। आयोजन के माध्यम से लोगों को फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।