मृत घोषित किए गए मरीज ने घर पहुंचकर मांगा पानी, परिजनों ने अ... - CG Sandesh

मृत घोषित किए गए मरीज ने घर पहुंचकर मांगा पानी, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप

भिलाई : दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई स्थित देवबलोदा वार्ड-32 में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि रायपुर के एक निजी अस्पताल ने इलाज के दौरान एक मरीज को मृत घोषित कर शव सौंप दिया, जबकि वह जीवित था। बाद में मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रामअवतार रात्रे तीन दिन पहले बाथरूम में गिरकर घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर शव सौंप दिया।

परिजनों का दावा है कि जब शव को एंबुलेंस में रखा गया तो उसमें हलचल दिखाई दी। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को जानकारी भी दी गई, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान रामअवतार ने कथित रूप से मुंह हिलाया और पानी मांगा, जिससे परिवार के लोग हैरान रह गए।

परिजन उन्हें तत्काल भिलाई के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद उन्हें रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, परिजनों के अनुसार मेकाहारा पहुंचने के कुछ समय बाद ही रामअवतार की मौत हो गई।

परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि मरीज को मृत घोषित करने से पहले उसकी स्थिति की सही तरीके से जांच नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि समय पर उपचार जारी रखा जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।



अन्य सम्बंधित खबरें