CG : सड़क निर्माण कार्य के दौरान हाथी का तांडव, देर रात दो मजदूरों को कुचलकर मार डाला
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक जंगली हाथी ने दो श्रमिकों पर हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवसील गांव की आगे बस्ती की है। यहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसमें जेसीबी मशीन और कई श्रमिक लगे हुए थे। रविवार की देर रात श्रमिक काम खत्म करने के बाद आग जलाकर खाना खाए और वहीं पास में ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक विशालकाय हाथी वहां आ धमका और श्रमिकों पर हमला बोल दिया।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल
हमले में गौरव (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35) ने सोनहत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।