भिलाई के सेक्टर-7 में फिर फैला पीलिया, तीन नए मरीज मिलने से ... - CG Sandesh

भिलाई के सेक्टर-7 में फिर फैला पीलिया, तीन नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-7 क्षेत्र में एक बार फिर पीलिया के मामले सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती जांच में दूषित पेयजल को बीमारी फैलने की संभावित वजह माना है। प्रभावित इलाके में साफ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-7 के वार्ड क्रमांक 67 में पीलिया के तीन नए मरीजों की पहचान हुई है। इससे पहले अप्रैल माह में इसी क्षेत्र की स्ट्रीट नंबर 37-ए में 9 से 14 अप्रैल के बीच 37 मरीज सामने आए थे। अब दोबारा नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।

जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि तीनों मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उनका उपचार जारी है। एहतियात के तौर पर मेडिकल मोबाइल यूनिट को प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रही है और लोगों को बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी कर रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी को उबालकर और छानकर ही उपयोग करें तथा पीलिया के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में खराब पाइपलाइन और दूषित जलापूर्ति की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका आरोप है कि पहले स्ट्रीट नंबर 37 और 38 में बीमारी के मामले सामने आए थे, लेकिन अब इसका प्रभाव स्ट्रीट नंबर 41, 42 और 43 तक पहुंच गया है। रहवासियों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें