जैविक खेती को बढ़ावा देने एमसीबी में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल
एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां में जैविक खेती मिशन योजनांतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को जैविक खेती के महत्व, इसके आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती की आधुनिक तकनीकों, प्राकृतिक कृषि पद्धतियों, जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने और बढ़ाने में सहायक है, बल्कि लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए किसानों की आय बढ़ाने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से किसान मोर्चा और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच संवाद स्थापित कर खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।