भारत में कागज के नोट बंद होकर चलेंगे प्लास्टिक के नोट ? RBI... - CG Sandesh

भारत में कागज के नोट बंद होकर चलेंगे प्लास्टिक के नोट ? RBI ने बताया पूरा सच

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों प्लास्टिक करेंसी (Plastic Currency) को लेकर फैलाए जा रहे दावे पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने स्थिति स्पष्ट की है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा था कि भारत में 30 जून 2026 तक कागजी नोटों को बंद कर प्लास्टिक के नोट जारी किए जाएंगे, जिससे धीरे-धीरे पुराने नोट चलन से बाहर हो जाएंगे।

वीडियो में यह भी कहा जा रहा था कि 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोट बदले जाएंगे और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित आवाज का भी इस्तेमाल किया गया है।

हालांकि, इन दावों को लेकर सरकार ने साफ किया है कि यह पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है। PIB Fact Check के अनुसार, RBI ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल कागजी नोटों को बंद करने या उनकी जगह प्लास्टिक करेंसी लाने की कोई योजना नहीं है।

सरकारी एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल RBI की आधिकारिक वेबसाइट या प्रमाणित स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल भ्रामक सामग्री को बिना जांचे-परखे आगे न बढ़ाने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ देशों जैसे ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और सिंगापुर में पॉलीमर आधारित नोट उपयोग में हैं, जो अधिक टिकाऊ होते हैं, लेकिन भारत में ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।

PIB ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध जानकारी सामने आए तो उसे @PIBFactCheck पर रिपोर्ट करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।

कहां चलते हैं प्लास्टिक के नोट
ऐसा नहीं है कि भारत प्लास्टिक के नोट चलाने वाला पहला देश है। दुनिया के कुछ देशों में प्लास्टिक (पॉलीमर) आधारित नोट चलते हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर, मलेशिया, न्यूजीलैंड, वियतनाम आदि देश शामिल हैं।

प्लास्टिक के नोट कैसे बनते हैं
विशेषज्ञ बताते हैं कि प्लास्टिक के नोट दरअसल शुद्ध रूप से पन्नी या प्लास्टिक के नोट नहीं होते हैं। ये पॉलीमर से बने होते हैं जिनमें मुख्य रूप से पॉलीप्रोपलीन का इस्तेमाल होता है। इसलिए ये जल्दी खराब नहीं होते हैं। ये कागजी नोटों की तुलना में ज्यादा टिकाऊ होते हैं। यह जेब में रखा जाए और कपड़ा मशीन में धो लें तो भी नोट को कुछ नहीं होता है।




अन्य सम्बंधित खबरें