चिरमिरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
एमसीबी : जिले की चिरमिरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चिरमिरी पुलिस ने पूर्व में नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवाओं तक नशीले इंजेक्शन पहुंचाने का अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा है। मामले में फरार चल रहे आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 12 जून को पुलिस ने रॉबिन सिंह और एहसान खान उर्फ अमन खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका नशीले इंजेक्शनों की अवैध खरीद-फरोख्त और सप्लाई में सामने आई। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
चिरमिरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।