जगदलपुर में पहली बार बस्तर पुलिस की बुलडोजर कार्रवाई, 312 मोडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न किए नष्ट
जगदलपुर : बस्तर पुलिस और यातायात पुलिस ने शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार जब्त किए गए 312 मोडिफाइड साइलेंसरों और 40 प्रेशर हॉर्नों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया। कोतवाली थाना परिसर में शनिवार को हुई इस कार्रवाई में नष्ट किए गए सामान की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई महीनों से कानफोड़ू आवाज निकालने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों और प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान जब्त किए गए साइलेंसर और हॉर्न को शनिवार दोपहर को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया।
जगदलपुर के इतिहास में पहली बार हुई इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक और मीडियाकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बस्तर पुलिस और यातायात पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत 312 मोडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न जब्त किए गए थे, जिनका कोतवाली परिसर में नष्टीकरण किया गया है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके साथ ही पुलिस यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई भी करेगी।