खैरागढ़: लिफ्ट देने के बहाने आदिवासी महिला से छेड़छाड़, दो आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़ : केसीजी जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति की एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरताज खान (29) और रितेश मारकंडे (18 वर्ष 9 माह), निवासी देवपुराघाट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़िता ने 10 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 जून को वह मनरेगा कार्य के लिए फोटो खिंचवाने चूल्हा खोदरा जंगल तालाब जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सिरताज खान और उसका साथी मिले, जिन्होंने उसे मोटरसाइकिल से छोड़ने की बात कही।
आरोप है कि बांधाटोला के पास सुनसान स्थान पर मोटरसाइकिल रोककर दोनों आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर साल्हेवारा थाना में बीएनएस की धारा 74, 75(2), 3(5) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(11) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।