भिलाई : संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत, घर में मि... - CG Sandesh

भिलाई : संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत, घर में मिले दोनों के शव, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई : कैंप-1 के वृंदानगर क्षेत्र में पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राम मंदिर के पास स्थित एक मकान की है, जहां रहने वाले ई. वेंकट और उनकी पत्नी एस. विजया मृत अवस्था में पाए गए। सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब दंपति ने घर का दरवाजा नहीं खोला तो सामने रहने वाली वेंकट की मां उन्हें देखने पहुंचीं। घर के अंदर जाकर उन्होंने देखा कि उनकी बहू कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हुई है, जबकि बेटा दूसरे कमरे में फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने छोटे बेटे को बुलाया, जिसने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच के लिए घर को सील कर दिया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि पति फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी का शव जमीन पर पड़ा था और उसके गले पर कुछ निशान भी दिखाई दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। मृतक ई. वेंकट ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। फिलहाल पड़ोसियों या परिजनों की ओर से किसी विवाद या पारिवारिक कलह की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें