राजनांदगांव में पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, मटका फोड... - CG Sandesh

राजनांदगांव में पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, मटका फोड़कर किया प्रदर्शन

राजनांदगांव : शहर के नवागांव और बाबू टोला क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग की।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-1 के बाबू टोला और नवागांव क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ है। अमृत मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण के बावजूद कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं पिछले करीब दो माह से बाबू टोला में नलों से पानी नहीं आने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में शामिल वार्डवासी रेखा वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में नल से पानी की आपूर्ति बंद है और पानी के टैंकर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में मौजूद तीन हैंडपंप भी लगभग एक वर्ष से खराब पड़े हुए हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने कहा कि अमृत मिशन के तहत पानी टंकी बनने के बाद भी क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमृत मिशन में हुई अनियमितताओं का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। साथ ही टैंकरों से पानी की आपूर्ति भी कम कर दी गई है। उन्होंने बाबू टोला क्षेत्र में शीघ्र नई पानी टंकी निर्माण की मांग की।

उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतन भानुशाली ने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं और पेयजल जैसी आवश्यक जरूरत के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल पेयजल व्यवस्था सुधारने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग की है।



अन्य सम्बंधित खबरें