दुर्ग NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, पेट्रोल टंकी फटने से बाइक जली
दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास स्थित आरोग्य हॉस्पिटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई, जिससे वाहन में आग लग गई और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक क्रमांक CG 07 CV 3947 पर सवार युवक को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ट्रेलर की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक की पेट्रोल टंकी में विस्फोट होने से आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक बाइक पर अकेला सवार था। दुर्घटना के बाद ट्रेलर क्रमांक JH 05 DS 0514 का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भिजवा दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।