सरकारी राशन के चावल में मिले कीड़े, हितग्राहियों ने जताया आक्रोश; राशन वितरण रोका गया
दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत सेलूद में सरकारी राशन दुकान से वितरित किए जा रहे चावल में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों में भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, राशन लेने आए लोगों ने जब चावल की गुणवत्ता की जांच की तो उसमें कीड़े पाए गए। इसके बाद हितग्राहियों ने मौके पर ही विरोध जताते हुए खराब गुणवत्ता का राशन वितरित किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण खराब और अनुपयोगी राशन गरीब परिवारों तक पहुंच रहा है। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने से इस तरह की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं।
मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद राशन वितरण का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। हितग्राहियों ने दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए गुणवत्तायुक्त राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब लोगों की नजर खाद्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी है कि शिकायत की जांच कर दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं और प्रभावित हितग्राहियों को कब तक बेहतर गुणवत्ता का राशन उपलब्ध कराया जाता है।