चिरमिरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 लीटर अवैध महुआ शराब और बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
एमसीबी जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लीटर अवैध महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चिरमिरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हल्दीबाड़ी निवासी एक व्यक्ति किराना दुकान की आड़ में अवैध महुआ शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने घेराबंदी कर 6 नंबर गोलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल से महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्लास्टिक के झोले में रखी करीब 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश गुप्ता और मदन सिंह के रूप में हुई है, जो हल्दीबाड़ी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।