UPSC Prelims 2026 पेपर लीक ? NSUI ने लगाए गंभीर आरोप - CG Sandesh

UPSC Prelims 2026 पेपर लीक ? NSUI ने लगाए गंभीर आरोप

डेस्क। नीट (NEET) के बाद अब देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (UPSC Prelims 2026) को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने परीक्षा में गड़बड़ी और संभावित पेपर लीक की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.

संगठन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) से इस मामले में तुरंत स्थिति साफ करने को कहा है और एक निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है.

कोचिंग के नोट्स से हूबहू सवाल मिलने का दावा
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने बेहद संगीन आरोप लगाते हुए कहा है कि यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 के पेपर में पूछे गए 100 सवालों में से 82 सवाल 'अनंतम आईएएस' (Anantam IAS) नाम के कोचिंग इंस्टीट्यूट के स्टडी मटेरियल से हूबहू मेल खा रहे हैं.

विनोड जाखड़ के मुताबिक, कई सवाल न सिर्फ नोट्स के कंटेंट (विषय-वस्तु) से पूरी तरह मेल खाते हैं, बल्कि उनकी भाषा, शब्दों की बनावट और पेश करने का तरीका भी बिल्कुल वैसा ही है.

एग्जाम के बाद नोट्स बदलने का आरोप
विनोद जाखड़ ने एक और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि परीक्षा संपन्न होने के बाद संबंधित कोचिंग संस्थान के नोट्स में कुछ बदलाव (Modify) किए गए और स्टडी मटेरियल से जुड़ी तारीखों को भी कथित तौर पर बदला गया. NSUI का कहना है कि इन संदिग्ध गतिविधियों के कारण कोचिंग संस्थानों और परीक्षा आयोजित करने वाले सिस्टम के बीच किसी बड़ी मिलीभगत का शक गहरा जाता है.

NSUI ने की पारदर्शी जांच की मांग
इस पूरे मामले को बेहद संवेदनशील और गंभीर बताते हुए NSUI ने फैसला किया है कि वे इस पर विस्तृत स्पष्टीकरण के लिए सीधे यूपीएससी (UPSC) को पत्र लिखेंगे. संगठन ने आयोग से पुरजोर मांग की है कि देश के लाखों अभ्यर्थियों के मन में पैदा हुए डर और चिंताओं को दूर करने के लिए इन आरोपों की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाए.




अन्य सम्बंधित खबरें