CG : भाजपा नेता को कार समेत जिंदा जलाकर हत्या, 3 की हालत गंभ... - CG Sandesh

CG : भाजपा नेता को कार समेत जिंदा जलाकर हत्या, 3 की हालत गंभीर

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सामने आई एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। सोनहत थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना के पीछे रेत कारोबार और अवैध उत्खनन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि देर रात भरत सिंह अपने घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर वाहन में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि भरत सिंह बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी वाहन के करीब नहीं जा सका। कुछ ही मिनटों में फॉर्च्यूनर पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना में एक शिक्षक समेत कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक ज़िन्दगी और मौत से लड रहा है । दो अन्य गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में रेत खनन और परिवहन को लेकर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। भरत सिंह इस मुद्दे को लेकर लगातार मुखर थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक जांच में रेत कारोबार से जुड़ी रंजिश को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में भी हलचल
भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष की इस तरह हुई मौत के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे कितने लोग शामिल थे और साजिश कैसे रची गई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है। हत्या के कारण और आरोपियों की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें