बस्तर जिले के ग्राम बड़े देवड़ा में प्रसिद्ध बाबा भैरव जात्र... - CG Sandesh

बस्तर जिले के ग्राम बड़े देवड़ा में प्रसिद्ध बाबा भैरव जात्रा का आयोजन, सुकमा जमींदार कुमार जयदेव हुए शामिल

बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बड़े देवड़ा में प्रसिद्ध बाबा भैरव जात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों के विशेष आमंत्रण पर सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव भी कार्यक्रम में शामिल हुए और बाबा भैरव तथा मावली माता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

ग्राम बड़े देवड़ा में आयोजित होने वाला यह पारंपरिक जात्रा प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण अपनी सहभागिता निभाते हैं। इस वर्ष भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कुमार जयदेव के गांव पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले जात्रा और मंडई जैसे आयोजनों में सुकमा जमींदार परिवार का विशेष महत्व माना जाता है और ग्रामीण समाज इस परिवार को सम्मान की दृष्टि से देखता है।

इस अवसर पर कुमार जयदेव ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें ग्राम बड़े देवड़ा में आयोजित बाबा भैरव जात्रा में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सरपंच, पुजारी और ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि केवल बड़े देवड़ा ही नहीं, बल्कि दुबेउमर गांव के वे ग्रामीण भी इस आयोजन में शामिल हुए, जो बस्तर दशहरा के लिए रथ निर्माण का कार्य करते हैं।

कुमार जयदेव ने ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग दो किलोमीटर तक पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया, जिससे वह अभिभूत हैं। उन्होंने इसे ग्रामीणों की उदारता बताया और कहा कि वह गांव के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूर्णतः सामाजिक और गैर-राजनीतिक है।

ग्राम बड़े देवड़ा की सरपंच सुमित्रा कश्यप ने बताया कि गांव में स्थित बाबा भैरव का मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसी के तहत जात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति गांव के लिए गौरव की बात है।

वहीं, वर्तमान में जगदलपुर निवासी और मूल रूप से बड़े देवड़ा की रहने वाली कौशल्या साहू ने बताया कि ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने स्वयं कुमार जयदेव को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा निमंत्रण स्वीकार कर गांव पहुंचना पूरे गांव के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।



अन्य सम्बंधित खबरें