नीट पेपर लीक मामला, कांग्रेस चला रही ‘छात्रों की गूंज’ अभिया... - CG Sandesh

नीट पेपर लीक मामला, कांग्रेस चला रही ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

राजनांदगांव : नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाखों रुपये खर्च करने वाले छात्रों और उनके भविष्य पर पेपर लीक के पड़ रहे असर को लेकर कांग्रेस ने देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान की शुरुआत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से की है। इसी क्रम में राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अभियान की जानकारी दी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं, शिक्षा का बढ़ता निजीकरण, महंगी कोचिंग व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को असुरक्षित बना दिया है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल गांधी ने कोटा से राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र 89 बार लीक हुए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मेहुल मारू ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण 15 छात्रों ने आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा का व्यवसायीकरण कर रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में विफल रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।



अन्य सम्बंधित खबरें