CG : खड़े ट्रक से टकराई बाइक, शादी में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की मौके पर मौत, एक घायल, ग्रामीणों ने फूंका ट्रक
सूरजपुर। जिले में तेज रफ्तार बाइक सवार 4 दोस्त सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसे में 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो गया।। डायल 112 के पुलिसकर्मियों से मारपीट भी की।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के पास चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर शादी में शामिल होने जा रहे थे। तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से जा टकराई। घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक घायल अरमान पैकरा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मरने वालों की पहचान रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19) और ओम प्रकाश पैकरा (18) निवासी बैकोना गांव के रूप में हुई है। अरमान पैकरा (16) की हालत नाजुक है। हादसा शुक्रवार रात 11:30 से 12 के बीच की बताई जा रही है।
पहले कार को टक्कर मारकर भागा था ट्रक चालक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक चालक ने इससे पहले एक कार को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को सड़क पर खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़े इसी ट्रक से बाइक की भिड़ंत हुई, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।
गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
घटना से नाराज और आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सड़क किनारे खड़े भारी वाहन की सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त संकेतक नहीं होने की बात भी सामने आ रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जिनका आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
खुशियां मातम में बदली, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों से बच्चे शादी की खुशियों में शामिल होने निकले थे, वहां कुछ ही घंटों बाद खुशियां मातम में बदल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।