CG ब्रेकिंग : मनगट्टा रिसोर्ट में युवती की मौत का खुलासा, जबरन शराब पिलाकर हुआ था दुष्कर्म, संचालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉट में भिलाई निवासी युवती की मौत के मामले में प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में जबरन शराब पिलाकर युवती से दुष्कर्म करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें रिसॉट संचालक भी शामिल है। तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है ।
पुलिस के अनुसार इस मामले में रिसोर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ बबलू और घनश्याम बेलचंदन आरोपी है। जांच के दौरान पुलिस ने रिसोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों का गहन परीक्षण किया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज करने के पर्याप्त आधार मिले। पुलिस के मुताबिक युवती को उनके दोस्त छत्रपाल और घनश्याम ने रायपुर ले जाते समय शराब पिलाई। इसके बाद वापस मनगटा रिसोर्ट आने पर रिसोर्ट संचालक आशुतोष ने उनके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में रिसोर्ट संचालक आशुतोष साहू ने बताया कि 17 जून को अपने अन्य साथियों के साथ पहले रायपुर पहुंचा। यहां सिमर्स क्लब में पार्टी करने के बाद देर रात राजनांदगांव के मनगटा स्थित विसलिंग रिसाॅर्ट पहुंचे। यहां भी जमकर पार्टी किए। मृतिका जब मदहोश हो गई तो आशुतोष ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया, जिससे मृतिका को चोटें भी आई थी।
18 जून की सुबह युवती की लाश बाथरूम में देख सभी घबराकर फरार हो गए। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई है। प्रकरण में धारा 64, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा, पोस्ट सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव।
छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी ग्राम टेड़ेसरा गुड़ीपारा वार्ड क्रमांक 16, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव।
घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी ग्राम निकुम बाजारपारा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग।