योग से निरोगी जीवन का संदेश: खैरागढ़ में 12वें अंतरराष्ट्रीय... - CG Sandesh

योग से निरोगी जीवन का संदेश: खैरागढ़ में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

खैरागढ़ : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, डीएफओ पंकज राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने सभी उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने और नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई।

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और योग के महत्व को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।



अन्य सम्बंधित खबरें