युवती की मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; रिसॉर्ट संचालक भी शामिल
राजनांदगांव : जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में भिलाई निवासी एक युवती की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रिसॉर्ट संचालक भी शामिल है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट, मृतका के परिजनों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों ने 24 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर जबरन शराब पिलाई।
जांच में यह भी सामने आया कि युवती की नशे की हालत का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी ने विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे चोटें भी आईं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किर्तन राठौर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है और मामले की जांच आगे भी जारी है।
पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय आशुतोष उर्फ आशु हिरवानी निवासी बुचीभरदा (राजनांदगांव), 25 वर्षीय छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख निवासी टेड़ेसरा तथा 25 वर्षीय घनश्याम बेलचंदन निवासी निकुम (जिला दुर्ग) को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी सील कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।