बेमेतरा में योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पोस्टर विवाद, नाराज ... - CG Sandesh

बेमेतरा में योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पोस्टर विवाद, नाराज होकर मंच से उठे साजा विधायक ईश्वर साहू

बेमेतरा : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब साजा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम के पोस्टर में अपना फोटो नहीं होने पर नाराज होकर मंच से उठकर चले गए। बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद वे दोबारा मंच पर लौटे और कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक समन्वय और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले में बेमेतरा, नवागढ़ और साजा तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। योग दिवस कार्यक्रम के लिए लगाए गए पोस्टरों में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधियों के फोटो शामिल किए गए थे, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और विधायक से चर्चा कर उन्हें वापस मंच पर आने के लिए मनाया। काफी समझाइश के बाद वे कार्यक्रम में दोबारा शामिल हुए।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली, प्रोटोकॉल के पालन और जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



अन्य सम्बंधित खबरें