भिलाई : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, 28 जून को पिलाई जाएगी बच्चों को पोलियो की खुराक
भिलाई : पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर भिलाई-3 में स्वास्थ्य कर्मियों और पोलियो दलों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भिलाई-3 एवं चरोदा क्षेत्र के सभी पोलियो दलों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने पोलियो बूथ संचालन, घर-घर सर्वेक्षण, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया तथा अभियान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है। इसके लिए सभी पोलियो दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो।
विभाग ने स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य के तहत 28 जून को पल्स पोलियो दिवस मनाया जाएगा, जहां विभिन्न बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर भी बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। विभाग का मानना है कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।