कोरबा : इमरजेंसी के 51 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की मौन यात्रा... - CG Sandesh

कोरबा : इमरजेंसी के 51 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की मौन यात्रा, कांग्रेस पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप

कोरबा : देश में आपातकाल (इमरजेंसी) के 51 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को कोरबा में मौन यात्रा निकालकर उस दौर को याद किया। भाजपा नेताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के दमन का आरोप लगाया।

मौन यात्रा में धरसीवा विधायक एवं फिल्म अभिनेता अनुज शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत ओपन थिएटर घंटाघर चौक से हुई, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आपातकाल से जुड़े संदेश और पोस्टर हाथों में लेकर विरोध दर्ज कराया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू कर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया, मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया गया।

विधायक अनुज शर्मा और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किए जाने के बाद सत्ता बचाने के लिए आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस अध्याय के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा नेताओं ने बताया कि इमरजेंसी की वर्षगांठ पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उस दौर की घटनाओं और लोकतंत्र पर पड़े प्रभाव की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही आपातकाल के दौरान जेल में रहे लोगों का सम्मान भी किया जा रहा है।



अन्य सम्बंधित खबरें