CG : नशे में पहुंचा दूल्हा, युवती ने शादी करने से किया इनकार - CG Sandesh

CG : नशे में पहुंचा दूल्हा, युवती ने शादी करने से किया इनकार

जांजगीर-चांपा जिले के चाम्पा क्षेत्र स्थित कोसमंदा गांव की युवती मुस्कान प्रधान ने साहसिक निर्णय लेकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। शादी के दिन शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचे दूल्हे से विवाह करने से इनकार कर मुस्कान ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया है। उनके इस फैसले की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, खोखरा गांव से दूल्हा संत कुमार राय बारात लेकर कोसमंदा पहुंचा था। शादी की रस्मों के दौरान दूल्हा नशे की हालत में लड़खड़ाता नजर आया। यह देखकर मुस्कान प्रधान ने स्पष्ट रूप से विवाह करने से मना कर दिया। 

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर शराब पीकर आया है, उसके साथ वह सात फेरे नहीं ले सकती। बताया जा रहा है कि दूल्हे के अलावा उसके कुछ रिश्तेदार और भाई भी शराब के नशे में थे। युवती के इस निर्णय के बाद विवाह स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर चाम्पा एसडीओपी योगिताबाली खापर्डे और थाना प्रभारी अशोक वैष्णव मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। 

इस दौरान गांव के सरपंच संजय रत्नाकर सहित समाज के कई लोग उपस्थित थे। सभी के सामने मुस्कान ने अपने फैसले को दोहराते हुए कहा कि वह शराब पीकर बारात में आने वाले युवक से विवाह नहीं करेगी। एसपी ने किया सम्मानित युवती के इस साहसिक कदम की सराहना करते हुए जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मुस्कान प्रधान को सम्मानित किया। 

उन्होंने मुस्कान को परिवार परामर्श केंद्र का सदस्य बनाने तथा उसे यूथ आइकॉन के रूप में आगे बढ़ाने की भी घोषणा की। महिलाओं ने की सराहना मुस्कान के इस निर्णय को महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने भी सराहा है। लोगों का कहना है कि यह कदम समाज में नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश देता है तथा युवतियों को अपने अधिकारों और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें