एनएचएम में संविलियन और 50% मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर मित... - CG Sandesh

एनएचएम में संविलियन और 50% मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर मितानिनों का प्रदर्शन

खैरागढ़ : प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ के बैनर तले जिलेभर की मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर और ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों ने गुरुवार को इतवारी बाजार स्थित रावणभाटा मैदान में एकदिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान किए गए वादों को जल्द पूरा करने की मांग की।

धरना के बाद कलेक्ट्रेट तक रैली निकालने की तैयारी थी, लेकिन एसडीएम ने धरना स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया।

मितानिन संघ का कहना है कि चुनावी घोषणा पत्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में संविलियन और मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। साथ ही मितानिन कार्यक्रम को पुनः निजी एनजीओ के माध्यम से संचालित किए जाने के प्रस्ताव का भी संघ ने विरोध जताया।

संभागाध्यक्ष हेमबाई निर्मलकर ने कहा कि मितानिन मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभा रही हैं, बावजूद इसके उन्हें उचित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल रही। संघ ने एनएचएम में संविलियन, 50 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, ठेका प्रथा समाप्त करने और 24 वर्षों के अनुभव के आधार पर वन-टाइम रिलैक्सेशन देने की मांग दोहराई।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें