अहिवारा नगर पालिका में मुरूम खनन पर विवाद, नियमों की अनदेखी का आरोप
दुर्ग : नगर पालिका परिषद अहिवारा में बड़े पैमाने पर मुरूम खनन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पर नियमों की अनदेखी करते हुए बिना पीआईसी और सामान्य सभा की स्वीकृति के मुरूम उत्खनन के लिए एनओसी जारी करने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बानबरद स्थित तालाब की खुदाई का प्रस्ताव पुराना है। आरोप है कि दोबारा प्रस्ताव लाकर उसे सामान्य सभा और पीआईसी से मंजूरी दिलाने के बजाय सीधे खनन की अनुमति दे दी गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि हजारों घनमीटर मुरूम उत्खनन और लाखों रुपये के राजस्व से जुड़े ऐसे कार्य के लिए सामान्य सभा की स्वीकृति आवश्यक थी।
विवाद इसलिए भी गहराया है क्योंकि पुराने तालाब में कथित तौर पर तीन चैन माउंटेन मशीनों की मदद से बड़े स्तर पर खुदाई की जा रही है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार, वर्तमान उपाध्यक्ष अशोक बाफना और पार्षद ईश्वर शर्मा ने आरोप लगाया है कि पीआईसी सदस्यों और पार्षदों को जानकारी दिए बिना नियम-कायदों को दरकिनार कर खनन कराया जा रहा है।
हालांकि, इस मामले में नगर पालिका प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।