दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा: शराब पार्टी के विवाद में युवक... - CG Sandesh

दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा: शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया है। ग्राम डूमर में पानी टंकी के पास मिले युवक के शव की पहचान के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम पथरिया निवासी 18 वर्षीय चेतन ठाकुर के रूप में हुई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद मुख्य आरोपी सोमनाथ ने कथित तौर पर सब्बल से लगातार वार कर चेतन की हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने खून से सने कपड़े तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में न्यायालय में पेश किया गया है।



अन्य सम्बंधित खबरें