कांकेर में डिप्टी सीएम विजय शर्मा का दावा— बस्तर से नक्सलवाद समाप्त, कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांकेर : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांकेर दौरे के दौरान सर्व आदिवासी समाज के साथ बैठक की और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और कांग्रेस के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी।
महेंद्र कर्मा के पुत्र छबिंद्र कर्मा के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि बस्तर में नक्सलवाद अभी खत्म नहीं हुआ है और उप मुख्यमंत्री को बिना सुरक्षा के बस्तर आने की चुनौती दी थी, विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक सुरक्षा कर्मा परिवार को ही उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा कैंप बनाए रखे गए हैं और जिन लोगों को आवश्यकता है, उन्हें सुरक्षा दी जा रही है।
विजय शर्मा ने कहा कि वे कभी भी बिना सुरक्षा के बस्तर जा सकते हैं। उनका दावा है कि बस्तर से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है और केवल सात नक्सलियों ने अभी आत्मसमर्पण नहीं किया है, जिनकी पूरी जानकारी पुलिस के पास है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ हुई कार्रवाई और उसके परिणाम सभी ने देखे हैं।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूसीसी से आदिवासी समाज प्रभावित नहीं होगा और लोगों को किसी भी तरह के भ्रम में आने की आवश्यकता नहीं है। सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के लिए समान कानून की दिशा में आगे बढ़ना है।