सक्ती में दिनदहाड़े युवती को गोली मारी, दो अज्ञात हमलावर फरार
सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक युवती पर गोली चलाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सक्ती थाना क्षेत्र में करीब 11 बजे 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान को दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और पुलिस की मदद से घायल युवती को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही डायल 112 और सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।