भिलाई : लखनऊ अग्निकांड के बाद भिलाई नगर निगम अलर्ट, सुरक्षा मानकों में कमी पर कई कोचिंग सेंटर सील
भिलाई : लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद भिलाई नगर निगम भी एक्शन मोड में आ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम प्रशासन ने सिविक सेंटर स्थित कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले कई कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया।
नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर गठित टीम ने सिविक सेंटर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, इमरजेंसी एग्जिट, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कोचिंग संचालकों को सुरक्षा संबंधी जानकारी भरने के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। उन्हें निर्देश दिया गया है कि 20 दिनों के भीतर आवश्यक जानकारी निगम कार्यालय में जमा करें। वहीं जिन संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।