राजनांदगांव में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: डॉ. रमन सिंह न... - CG Sandesh

राजनांदगांव में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: डॉ. रमन सिंह ने स्पेस एजुकेशन लैब और प्लैनेटेरियम का किया शुभारंभ

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शनिवार को राजनांदगांव में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। शहर के पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पेस एजुकेशन लैब एवं प्लैनेटेरियम का शुभारंभ किया। साथ ही नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई।

कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने नवप्रवेशी छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया और शाला प्रवेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 11वीं में अंग्रेजी माध्यम से कॉमर्स विषय की पढ़ाई शुरू करने तथा स्कूल परिसर में सभा के लिए स्थायी डोम निर्माण की घोषणा भी की।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिले में नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत 6,100 छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएगी, जिनमें से 120 छात्राओं को कार्यक्रम के दौरान साइकिल सौंपी गई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक बेटियों को शिक्षा से जोड़ना और उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। उन्होंने बताया कि पहली से आठवीं कक्षा तक के 82,358 विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं और शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम के दौरान शुरू किए गए एपीजे अब्दुल कलाम स्पेस एजुकेशन लैब और प्लैनेटेरियम में विद्यार्थियों को रॉकेट विज्ञान, चंद्रयान-3, मंगलयान, इसरो की उपलब्धियों, ड्रोन तकनीक, वैज्ञानिकों के जीवन और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी आधुनिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहने के कारण इसे जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में गिना जाता है।



अन्य सम्बंधित खबरें